मुरलीगंज में 103 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, कार व मोबाइल जब्त

मुरलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दीनापट्टी रेलवे गुमटी के पास शुक्रवार को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 103 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पोखराम वार्ड संख्या-06 निवासी सोनू कुमार (उम्र करीब 25 वर्ष), पिता सुभाष यादव के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक अजित कुमार को सूचना मिली थी कि सोनू कुमार उजले रंग की कार (बीआर-11एसी-3162) से मधेपुरा की ओर से स्मैक लेकर अपने गांव आ रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद अंचलाधिकारी मुरलीगंज की मौजूदगी में पुलिस टीम ने दीनापट्टी के पास वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के क्रम में आरोपी के जैकेट की जेब से पॉलीथिन में पैक स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। डिजिटल तराजू से वजन करने पर इसकी मात्रा 103 ग्राम पाई गई। साथ ही एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्मैक की खरीद-बिक्री में संलिप्त होने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत आरोपी को गिरफ्तार कर कार, मोबाइल व स्मैक को विधिवत जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है।