मधेपुरा : मोबाइल चोर गिरोह का पुलिस ने किया पर्दाफाश, 48 चोरी किए गए मोबाइल बरामद, छह गिरफ्तार

मधेपुरा बिहार मधेपुरा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिले में सक्रिय एक अंतरराज्यीय मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न कंपनियों के कुल 48 चोरी किए गए मोबाइल फोन, नकद रुपए और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।यह कार्रवाई डीआईजी कोशी रेंज सहरसा और पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान “क्राइम कंट्रोल व रिकवरी ड्राइव” के तहत की गई। इस अभियान का उद्देश्य चोरी, झपटमारी, लूट और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना है।जानकारी के मुताबिक, 07 दिसंबर 2025 को रतवारा थाना क्षेत्र के सोनामुखी निवासी वकील भगत ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि बाजार में खरीदारी के दौरान उनका Oppo मोबाइल फोन किसी अज्ञात चोर ने चोरी कर लिया। इस पर पुलिस ने रतवारा थाना कांड सं. 79/25 दर्ज कर जांच शुरू की।अगले ही दिन, 08 दिसंबर को थानाध्यक्ष साजन पासवान को गुप्त सूचना मिली कि मोबाइल चोरी में शामिल गिरोह उसी इलाके में सक्रिय है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ सदर मधेपुरा के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें स०आ०नि० सुधीर कुमार ठाकुर, स०आ०नि० अरविन्द कुमार सिंह, सशस्त्र बल और चौकिदार शामिल थे।टीम ने मानवीय और तकनीकी आसूचना के आधार पर लगातार छापेमारी करते हुए गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया। सभी से पूछताछ में उन्होंने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने कहा कि गिरोह मधेपुरा सहित पड़ोसी जिलों में सक्रिय था और चोरी के मोबाइल फोन को झारखंड व बंगाल तक बेचने का प्रयास कर रहा था।पुलिस अधीक्षक मधेपुरा ने कहा कि गिरफ्तार अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है और गिरोह के नेटवर्क की जांच जारी है। इस कार्रवाई को मधेपुरा पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जो हाल के महीनों में चोरी की घटनाओं में कमी लाने में मदद करेगी।