आशा कार्यकर्ताओं ने लंबित मानदेय व बहाली की मांग को लेकर सौंपा मांग-पत्र एवं सदर अस्पताल परिसर में धरना - The Ujala Times News
Uncategorized

आशा कार्यकर्ताओं ने लंबित मानदेय व बहाली की मांग को लेकर सौंपा मांग-पत्र एवं सदर अस्पताल परिसर में धरना

जिले की आशा एवं आशा फैसिलिटेटर कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मांग-पत्र सौंपा. मांग-पत्र में कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट रूप से कहा कि लंबे समय से उन्हें प्रोत्साहन/मानदेय राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिससे उनके समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है. मांग-पत्र के अनुसार, आशा कार्यकर्ताओं ने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं.पहली मांग में कहा गया है कि आशा एवं आशा फैसिलिटेटर के बकाया प्रोत्साहन/पारिश्रमिक राशि का अविलंब भुगतान करते हुए उसे अद्यतन किया जाए. कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन समय पर भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें अपने परिवार का भरण-पोषण करने में कठिनाई हो रही है.दूसरी महत्वपूर्ण मांग में मुरलीगंज सहित जिले के अन्य प्रखंडों में चयन मुक्त आशा कार्यकर्ताओं के चयन रद्द करने की मांग की गई है. कार्यकर्ताओं ने कहा कि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव रहा है, जिसके कारण कई योग्य आशाओं को कार्य से वंचित कर दिया गया है.उन्होंने ऐसे आदेशों को निरस्त करते हुए पूर्व की आशा कार्यकर्ताओं को पुनः कार्य में बहाल करने की मांग की है.वही तीसरी मांग में सदर अस्पताल मधेपुरा में आशा कार्यकर्ताओं के प्रवेश पर लगाए गए प्रतिबंध को हटाने की मांग की गई है.कार्यकर्ताओं ने कहा कि अस्पताल प्रशासन द्वारा लगाए गए .इस प्रकार के प्रतिबंध से उनके कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है और मरीजों को भी समुचित सुविधा नहीं मिल पा रही है.उन्होंने संबंधित आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है.आशा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगी.उनका कहना है कि वे स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में दिन-रात कार्य करती हैं, बावजूद इसके उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है.इस मौके पर दीपिका सिंह (जिला मंत्री), सुधा सुमन (महामंत्री, आशा फैसिलिटेटर), वशिष्ठ आशा सिंह (उपाध्यक्ष), सुरेंद्र यादव (चिकित्सक संघ), नीलम झा (जिला मंत्री, पूर्णिया), किरण झा (जिला मंत्री, अररिया सह राज्य संयुक्त मंत्री) बेबी ठाकुर, मीरा देवी, बुलबुल देवी, अरुणा देवी, संगीता कुमारी, जीवछी देवी (जिला मंत्री, कटिहार), सुनीता कुमारी, वर्षा, कल्पना, कंचन, विजयलक्ष्मी एवं रेनू देवी सहित बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए एकजुटता दिखाई.वही कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का काम करती हैं, लेकिन उनकी ही समस्याओं की अनदेखी की जा रही है.उन्होंने प्रशासन से अपील की कि उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान किया जाए, ताकि वे बेहतर तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button